Home राज्य गौ, गंगा जल, जंगल और जमीन जनजागरण यात्रा का हुआ शुभारम्भ

गौ, गंगा जल, जंगल और जमीन जनजागरण यात्रा का हुआ शुभारम्भ

0
102

-संगम घाट पर चला स्वच्छता अभियान, संकल्प लेकर निकली जन जागरण यात्रा

प्रयागराज, 03 जनवरी (हि.स.)। सामाजिक समता संघ एवं भारत विकास परिषद के तत्वावधान में कार्यक्रम के संयोजक भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह पटेल के नेतृत्व में संगम नोज त्रिवेणी से गौ, गंगा जल, जंगल और जमीन जनजागरण यात्रा का प्रारम्भ आज किया गया।

यह जानकारी भाजपा के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने दी। उन्होंने बताया कि पौष पूर्णिमा के दिन संगम घाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गौ माता की सेवा का संकल्प लेकर संगम में आस्था की डुबकी लगाई गई। संयोजक अश्विनी सिंह पटेल ने कहा कि इस जनजागरण यात्रा के माध्यम से संकल्प लिया कि गौ हमारी माता है। जिसकी सेवा करना, संरक्षण करना हमारा कर्तव्य और धर्म है। गौ और गंगा की अमृत धारा का संरक्षण सनातन धर्म का संरक्षण करना है।

उन्होंने कहा कि जब गौ माता घर में वास करती थी तो हमारे घर में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता था। आज गौमाता हमारे घर से बाहर निवास होने के कारण तमाम तरह की सामाजिक विकृतियां पनप रही हैं। पुनः सामाजिक, धार्मिक और भाईचारे का भाव समाज में निर्मित हो, ऐसा संकल्प लेते हुए आज यह जनजागरण यात्रा प्रारम्भ हो रही है। मां गंगा की निर्मलता, अविरलता एवं निरंतरता बनी रहे व स्वच्छ रहे ,यह संकल्प लेकर लोगों के बीच जनजागरूकता का कार्य करते हुए इसके महत्व को बताने के लिए यह यात्रा प्रारम्भ हो रही है।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि यह यात्रा संगम से प्रारम्भ होकर दशाश्वमेध घाट पर सम्पन्न हुई। अगले दिन पुनः यह यात्रा प्रारम्भ होगी। यात्रा में देश भर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर गौ, गंगा जल, जंगल और जमीन की संरक्षण एवं उसकी सेवा के लिए संकल्प लिया। यात्रा में प्रमुख रूप से महाराज दिव्य प्रकाश, रंगबली पटेल, अंगद पटेल, राजेश केसरवानी, राजू, दिनेश सिंह, अभिषेक, विकास तथा अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता यात्रा में सम्मिलित हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

en_USEnglish