Home राज्य पत्रकार विवेक अस्थाना के परिवार की सीएम योगी ने की आर्थिक मदद

पत्रकार विवेक अस्थाना के परिवार की सीएम योगी ने की आर्थिक मदद

0
62

गोरखपुर, 08 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखपुर में दिवंगत पत्रकार विवेक अस्थाना के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अस्थाना की पत्नी और दोनों बच्चों को विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा और उन्हें आश्वस्त किया कि दुःख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ हैं।

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के आजीवन सदस्य, पत्रकार, रंगकर्मी विवेक अस्थाना का पांच जनवरी को हृदयाघात से निधन हो गया था। परिवार की सहायता के लिए गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की तरफ से बुधवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र देकर अनुरोध किया गया था। मुख्यमंत्री योगी ने त्वरित संवेदना दिखाई और 19 घंटे के भीतर परिवार को आर्थिक सहायता मिल गई।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह विवेक अस्थाना की पत्नी निहारिका, दोनों बच्चों दिव्य और देव से गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में मुलाकात की। उनका दुःख बांटा। पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा और खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने परिवार को यह भी भरोसा दिया कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ल, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीत कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

en_USEnglish